Last Updated:
नितिन नवीन उन सभी सात राज्यों का दौरा करेंगे, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. हर राज्य में वह तीन दिन का स्टे करेंगे. इस दौरान नितिन नवीन की वहां के एमएलए और वर्कर के साथ मीटिंग होगी. यह सिलसिला अब लगातार जारी रहेगा.
नितिन नवीन उत्तराखंड दौरे पर बीजेपी नेताओं से चर्चा करेंगे. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बृहस्पतिवार को उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए अगले साल सात राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को तेज करने हेतु जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है. उत्तराखंड में अपने प्रवास के दौरान, नवीन भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकें करेंगे तथा राज्य में पार्टी की चुनावी तैयारियों पर उनकी प्रतिक्रिया जानेंगे.
सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे और चुनाव तैयारियों पर चर्चा करने एवं प्रतिक्रिया जानने के लिए राज्य के मंत्रियों के साथ भी बैठक करेंगे.
इस संबंध में पार्टी के एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा से कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा इसकी शुरुआत है. वह उन सभी राज्यों का एक-एक करके दौरा करेंगे, जहां अगले साल चुनाव होना है.” सूत्र ने कहा, “इनमें से प्रत्येक राज्य में वह लगभग तीन दिन रुकेंगे और विधायकों सहित पार्टी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं के साथ बैठकें करेंगे और उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त करेंगे. यह सिलसिला अब जारी रहेगा.”
अगले साल गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होना है. पंजाब को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में भाजपा सत्ता में है. सूत्रों ने बताया कि नवीन ने भाजपा की चुनाव तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं ताकि चुनाव का समय आने पर पार्टी ‘पूरी तरह से तैयार’ रहे.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें