Last Updated:
Modi Takaichi Meeting: जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की पहली तीन दिवसीय भारत यात्रा के दौरान आज दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन होने जा रहा है. इस द्विपक्षीय बातचीत का मुख्य फोकस आर्थिक सुरक्षा, सेमीकंडक्टर निर्माण, एआई और क्वाड की मजबूती रहेगा. दोनों देशों के बीच सप्लाई चेन को लचीला बनाने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन को घेरने के लिए करीब एक दर्जन अहम समझौतों पर मुहर लग सकती है.
जापान की पीएम इस वक्त भारत के दौरे पर हैं.
दुनिया की दो महाशक्तियों के राष्ट्रध्यक्ष आज जब आमने-सामने बैठेंगे तो बीजिंग से लेकर वाशिंगटन तक हलचल होना तय है. जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची अपनी पहली तीन दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली में हैं. आज यानी गुरुवार को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीएम ताकाइची के बीच भारत-जापान शिखर सम्मेलन की शुरुआत होगी तो टेबल पर सिर्फ कूटनीतिक औपचारिकताएं नहीं बल्कि चीन को घेरने का अभेद्य चक्रव्यूह और भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का मेगा प्लान होगा. आर्थिक सुरक्षा, सेमीकंडक्टर की रेस और क्वाड (QUAD) की मजबूती जैसे मुद्दों पर केंद्रित यह मुलाकात एशिया-पैसिफिक क्षेत्र की पूरी जियोपॉलिटिक्स को एक नया मोड़ देने जा रही है.
सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन पर फोकस
इस ऐतिहासिक बैठक का सबसे बड़ा और केंद्रीय एजेंडा आर्थिक सुरक्षा है. कोरोना महामारी और हालिया वैश्विक तनावों के बाद दोनों देश चीन पर अपनी निर्भरता को खत्म कर एक लचीली और सुरक्षित ग्लोबल सप्लाई चेन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. पीएम मोदी और ताकाइची के बीच भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए जापानी निवेश और तकनीक के ट्रांसफर पर विस्तृत रोडमैप तैयार होगा. इसके साथ ही फ्यूचर टेक्नोलॉजी को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण खनिजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी दोनों देश हाथ मिलाएंगे.
क्वाड की मजबूती
जियो-पॉलिटिकल मोर्चे पर दोनों राष्ट्राध्यक्ष हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीनी आक्रामकता के खिलाफ अपनी रणनीतिक ढाल को और मजबूत करेंगे. बैठक में क्वाड गठबंधन के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता को नए सिरे से दोहराया जाएगा. समुद्री सुरक्षा को चाक-चौबंद करने और समुद्री व्यापारिक मार्गों को स्वतंत्र व खुला रखने के लिए दोनों नौसेनाओं के बीच रक्षा सहयोग बढ़ाने पर विशेष चर्चा होगी.
अरबों डॉलर के निवेश की उम्मीद
इस कूटनीतिक यात्रा का एक बड़ा आकर्षण भारत-जापान ज्वाइंट इकोनॉमिक फॉरम भी है. इसमें जापान की 100 से अधिक शीर्ष कंपनियों के कारोबारी और सीईओ शिरकत कर रहे हैं. रक्षा, फार्मास्यूटिकल्स और तेल-गैस जैसे क्षेत्रों में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठाए जाएंगे, जिससे भारत में रोजगार और वैश्विक निवेश की बाढ़ आना तय माना जा रहा है.
About the Author
डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें