रांची22 घंटे पहलेलेखक: अमरेंद्र कुमार
- कॉपी लिंक

उद्योग मंत्री ने दी मंजूरी, एडीबी के सहयोग से चलेगा झारखंड स्किल डेवलपमेंट झारखंड के सभी 122 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) अब इंडस्ट्रीज-4.0 के मानक के अनुरूप अपग्रेड होंगे। यहां पढ़ाई की ऐसी व्यवस्था होगी कि आईटीआई से पास आउट छात्र उद्योगों में काम करने के लिए पूरी तरह से तैयार होंगे।
इन संस्थानों में पुरानी मशीनों की जगह आधुनिक और डिजिटल तकनीक से पढ़ाई होगी। इसके लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के सहयोग से झारखंड स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे।
साथ ही एक एडवांस्ड स्किलिंग एंड ट्रेनर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट भी बनेगा, जहां उद्योग जगत की मांग के अनुरूप कौशल विकास किया जाएगा। इसके लिए 1079 करोड़ की योजना का प्रस्ताव तैयार है। इनमें 755 करोड़ रुपए एडीबी देगा, जबकि शेष राशि राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। श्रम व उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। अब जल्दी ही इसे कैबिनेट की बैठक में पेश किया जाएगा।
आईटीआई में ये बदलाव होंगे नया ट्रेनिंग सेंटर: शिक्षकों और अधिकारियों को नई तकनीक सिखाने के लिए एक ‘एडवांस्ड स्किलिंग एंड ट्रेनर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट’ बनेगा। जब टीचर खुद नई तकनीक सीखेंगे, तभी वे बच्चों को बेहतर पढ़ा पाएंगे। 6 मॉडल आईटीआई: राज्य के 6 आईटीआई को ‘मॉडल आईटीआई’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जो सीधे आस-पास की फैक्ट्रियों की जरूरतों से जुड़े होंगे। प्रैक्टिकल: छात्रों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं दिया जाएगा, बल्कि कंपनियों में ले जाकर काम सिखाया जाएगा। डिजिटल पढ़ाई और जॉब पोर्टल: पढ़ाई के लिए ऑनलाइन एप/प्लेटफॉर्म बनेंगे और नौकरी खोजने के लिए एक खास जॉब पोर्टल भी बनाया जाएगा।
क्या है इंडस्ट्रीज 4.0: इंडस्ट्री 4.0 औद्योगिक क्रांति का चौथा चरण है। इसमें आधुनिक डिजिटल तकनीक का उपयोग कर फैक्ट्रियों और उत्पादन प्रणाली को स्मार्ट, ऑटोमेटेड और आपस में कनेक्टेड बनाया जाता है। इसके तहत उत्पादन क्षमता बढ़ाने और लागत कम करने पर ध्यान दिया जाता है। इसमें मशीनें खुद कंप्यूटर और इंटरनेट के जरिए डेटा भेजती है, गलतियां कम होती हैं और खर्च बचता है।
