भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Education Secretary Vineet Joshi:शिक्षा सचिव विनीत जोशी को हटाना क्यों अहम, क्या...


Education Secretary Vineet Joshi: NEET पेपर लीक विवाद ने सिर्फ एक परीक्षा की साख नहीं गिराई, बल्कि एजुकेशन सिस्टमम पर सवाल खड़े कर दिए. हजारों छात्र सड़कों पर उतरे, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन हुए और सरकार लगातार दबाव में रही. ऐसे माहौल में केंद्र सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग के सचिव विनीत जोशी का तबादला कर दिया. सरकार ने आदेश में इसकी वजह नहीं बताई लेकिन नौकरशाही में अक्सर टाइमिंग ही सबसे बड़ा संदेश होती है. टाइमिंग के हिसाब से तो यह सिर्फ रूटीन ट्रांसफर नहीं है. पेपर लीक रोकने में NTA और शिक्षा मंत्रालय दोनों की भूमिका पर सवाल उठे थे. विनीत जोशी खुद NTA के पूर्व डायरेक्टर जनरल रह चुके हैं, इसलिए जवाबदेही की चर्चा उनसे अलग नहीं की जा सकती. इतना ही नहीं UGC इक्विटी रेगुलेशन्स 2026 का विवाद भी उनके कार्यकाल में ही सामने आया, जिसमें जनरल कैटेगरी के साथ कथित भेदभाव के आरोप लगे और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया. लगातार विवादों के बीच शिक्षा मंत्रालय की सबसे अहम नौकरशाही कुर्सी पर बदलाव यह संकेत देता है कि सरकार अब कम से कम शीर्ष स्तर पर जवाबदेही का संदेश देना चाहती है.

सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि विनीत जोशी क्यों हटाए गए. असली सवाल यह है कि शिक्षा मंत्री के बाद सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले उच्च शिक्षा सचिव के पद पर बदलाव का मतलब क्या है. यही अधिकारी NTA, UGC, AICTE, IIT, NIT, केंद्रीय विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा से जुड़ी राष्ट्रीय नीतियों की निगरानी करता है. यानी देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़े फैसलों की प्रशासनिक जिम्मेदारी इसी पद पर होती है. ऐसे समय में जब NEET पेपर लीक विवाद, UGC रेगुलेशन्स पर कानूनी लड़ाई और छात्र आंदोलन एक साथ सरकार के सामने चुनौती बने हुए हैं, तब इस स्तर का बदलाव साधारण प्रशासनिक प्रक्रिया से कहीं बड़ा राजनीतिक और संस्थागत संदेश माना जा रहा है. अब सबकी नजर नए सचिव नरेश पाल गंगवार पर होगी कि क्या वे शिक्षा व्यवस्था में भरोसा बहाल कर पाते हैं या नहीं.

शिक्षा मंत्रालय की सबसे अहम कुर्सी पर बड़ा बदलाव

  • शिक्षा मंत्री के बाद अगर किसी पद का सबसे अधिक महत्व माना जाता है तो वह उच्च शिक्षा विभाग के सचिव का है. यही अधिकारी मंत्रालय की नीतियों को लागू करता है, बजट का संचालन करता है, विश्वविद्यालयों की व्यवस्था देखता है और NTA जैसी संस्थाओं की प्रशासनिक निगरानी करता है. ऐसे में इस पद पर बदलाव का सीधा असर पूरे एजुकेशन सिस्टम पर पड़ता है.
  • कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने 13 सचिव स्तर के तबादलों को मंजूरी दी. इसके तहत 1992 बैच के IAS अधिकारी विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय भेज दिया गया, जबकि 1994 बैच के राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग का नया सचिव बनाया गया. इसी के साथ स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में भी टी. के. अनिल कुमार की नियुक्ति की गई. यानी शिक्षा मंत्रालय के दोनों शीर्ष विभागों में एक साथ बड़ा बदलाव हुआ है.
  • सरकार ने अपने आदेश में इस बदलाव की कोई वजह नहीं बताई. लेकिन यह फैसला ऐसे समय आया है जब NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में छात्र आंदोलन चल रहा है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं और विपक्ष भी सरकार पर हमलावर है. ऐसे माहौल में टॉप लेवल पर बदलाव को महज संयोग मानना आसान नहीं है.

उच्च शिक्षा सचिव का पद इतना महत्वपूर्ण क्यों है?

उच्च शिक्षा सचिव सिर्फ एक प्रशासनिक अधिकारी नहीं होता. वह शिक्षा मंत्रालय की पूरी मशीनरी का संचालन करने वाला प्रमुख अधिकारी होता है. UGC, AICTE, केंद्रीय विश्वविद्यालय, IIT, IIM, NIT और राष्ट्रीय स्तर की कई संस्थाएं इसी विभाग के अधीन आती हैं. NTA जैसी परीक्षा एजेंसी भी इसी मंत्रालय के तहत काम करती है. यही वजह है कि जब NEET जैसी परीक्षा विवादों में घिरती है तो सबसे पहले सवाल इसी विभाग की निगरानी पर उठते हैं. नीति बनाना, परीक्षा एजेंसियों को जवाबदेह बनाना और सुधार लागू करना सचिव की अहम जिम्मेदारी होती है. इसलिए इस पद पर बैठे अधिकारी की भूमिका केवल फाइलें निपटाने तक सीमित नहीं रहती.

विनीत जोशी की भूमिका पर सवाल क्यों उठे?

विनीत जोशी अनुभवी IAS अधिकारी हैं. वे CBSE के चेयरमैन, NTA के डायरेक्टर जनरल और मणिपुर के मुख्य सचिव जैसे अहम पदों पर काम कर चुके हैं. दिसंबर 2024 से वे उच्च शिक्षा विभाग के सचिव थे. उनके लंबे अनुभव के बावजूद NEET विवाद के दौरान मंत्रालय की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई.

हालांकि सरकार ने यह नहीं कहा कि उनका तबादला NEET विवाद की वजह से किया गया है. लेकिन राजनीतिक गलियारों में यही चर्चा है कि छात्रों के बढ़ते आक्रोश और लगातार उठ रहे सवालों के बीच सरकार ने शीर्ष स्तर पर बदलाव का संदेश देने की कोशिश की है.

सरकार का क्या कहना है और राजनीतिक प्रतिक्रिया क्या रही?

सरकारी आदेश में सिर्फ नियुक्ति और तबादले की जानकारी दी गई है. किसी भी अधिकारी के बदलाव के पीछे कारण नहीं बताया गया. लेकिन भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस फैसले का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी जी ने पेपर लीक मामले में लापरवाही दिखाने वाले शिक्षा सचिव को बदल दिया है. पेपर लीक के दोषियों के साथ-साथ किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी. मोदी गारंटी.’

वहीं विपक्ष और छात्र संगठनों का कहना है कि केवल सचिव बदलने से समस्या खत्म नहीं होगी. उनका तर्क है कि पूरे एग्जाम सिस्टम में व्यापक सुधार की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

नरेश पाल गंगवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या होगी?

नरेश पाल गंगवार अब ऐसे समय में उच्च शिक्षा विभाग की कमान संभाल रहे हैं जब छात्रों का भरोसा डगमगा चुका है. उनसे सबसे बड़ी उम्मीद यही होगी कि NTA की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़े, परीक्षा प्रक्रिया तकनीकी रूप से और मजबूत बने तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगे. इसके अलावा विश्वविद्यालयों, केंद्रीय संस्थानों और उच्च शिक्षा सुधारों को भी नई गति देना उनकी प्राथमिकता होगी. अगर वे इन मोर्चों पर बेहतर प्रदर्शन करते हैं तो सरकार भी यह संदेश देने में सफल होगी कि बदलाव सिर्फ चेहरे का नहीं बल्कि व्यवस्था का हुआ है.

क्या यह सिर्फ ट्रांसफर है या जवाबदेही का संदेश?

मेरी नजर में यह फैसला एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक संकेत है. किसी भी लोकतंत्र में जब लाखों छात्र परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाएं तो सरकार पर जवाबदेही तय करने का दबाव बनता है. ऐसे समय में शिक्षा मंत्रालय के सबसे अहम नौकरशाह का तबादला यह दिखाता है कि सरकार कम से कम शीर्ष स्तर पर संदेश देना चाहती है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. हालांकि अंतिम फैसला इतिहास करेगा. अगर आने वाले समय में परीक्षा प्रणाली पहले जैसी ही रही तो यह बदलाव केवल एक औपचारिक तबादला बनकर रह जाएगा. लेकिन अगर इससे पारदर्शिता बढ़ी, NTA मजबूत हुई और छात्रों का भरोसा लौटा, तभी यह फैसला वास्तव में सार्थक माना जाएगा.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top