भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

देवघर बाबा धाम पहुंचे क्रिकेटर ईशान किशन, बोले- मांगने नहीं, जो दिया...


Last Updated:

Ishan Kishan In Deoghar: भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन ने देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया. न्यूजीलैंड दौरे से लौटने के बाद वे बाबा के दरबार पहुंचे थे. उन्होंने कहा कि वे बाबा से मांगने नहीं बल्कि जो दिया है उसका आभार व्यक्त करने आते हैं.

ख़बरें फटाफट

देवघर. क्रिकेट के मैदान पर अपने बल्ले से गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की बाबा बैद्यनाथ के प्रति आस्था भी किसी से छिपी नहीं है. मैदान पर चाहे कितना भी बड़ा मुकाबला हो या टीम में जगह बनाने की चुनौती, ईशान अपनी मेहनत और खेल पर भरोसा रखते हैं, लेकिन जब बात आस्था की आती है तो उनकी पहली पसंद देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम है. यही वजह है कि एक बार फिर भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे. यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और अपने आराध्य का आशीर्वाद लिया.

क्रिकेटर ईशान किशन ने षोडशोपचार विधि से की पूजा-अर्चना
देवघर पहुंचने के बाद सबसे पहले ईशान किशन के तीर्थ पुरोहित ने उन्हें संकल्प कराया. इसके बाद जिला प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें बाबा मंदिर के गर्भगृह में ले जाया गया, जहां विधिवत षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना कराई गई. इस दौरान उन्होंने बाबा बैद्यनाथ पर जल अर्पित किया और पूरे श्रद्धाभाव से भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया. क्रिकेट की व्यस्तता और मैदान पर लगातार बने रहने वाले दबाव के बीच ईशान का बाबा नगरी पहुंचना यह बताता है कि उनके जीवन में आध्यात्मिक आस्था की भी बहुत खास जगह है.

जानिए क्या कहा ईशान किशन ने
पूजा-अर्चना के बाद जब ईशान किशन मीडिया से मुखातिब हुए तो बाबा के प्रति उनकी श्रद्धा और विश्वास उनके शब्दों में साफ झलक रहा था. उन्होंने कहा कि बाबा से क्या कामना की है, यह तो नहीं बता सकता. मैं यहां कभी यह सोचकर नहीं आता कि कोई बड़ा मैच है या मुझे प्लेइंग इलेवन में जगह मिल जाएगी. मैं बस इतना सोचता हूं कि जब भी बाबा बुलाते हैं, उनके दरबार में चला आता हूं. यहां बाबा बैद्यनाथ से कुछ मांगने भी आता हूं और अब तक जो कुछ मिला है, उसके लिए उनका शुक्रिया अदा करने भी आता हूं.

जब भी बड़ा मौका मिलता है, शुक्रिया करने पहुंच जाता हूं
उन्होंने आगे वैभव सूर्यवंशी के बारे में बातचीत करते हुए कहा कि ऐसा क्रिकेटर कभी-कभार ही टीम इंडिया में देखने को मिलता है. उनके खेलने के तरीके को पब्लिक तो एंजॉय करती ही है, इसके साथ ही टीम इंडिया भी काफी एंजॉय करती है. मुझे भी काफी अच्छा लगता है जब वैभव सूर्यवंशी इस तरह से खेलते हैं.

उन्होंने आगे कहा कि अभी तक बाबा बैद्यनाथ ही हर परिस्थिति से पार लगा रहे हैं और आगे भी अगर जीवन में कोई बड़ा मौका मिलता है तो उसमें बाबा की कृपा ही सबसे बड़ी वजह होगी. यहां आकर जो भी मनोकामना मांगी जाती है, वह जरूर पूरी होती है. ईशान के इस बयान से साफ था कि उनके लिए बाबा बैद्यनाथ का दरबार केवल पूजा करने की जगह नहीं, बल्कि विश्वास, सुकून और कृतज्ञता का केंद्र भी है.

हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे से लौटे हैं ईशान किशन
गौरतलब है कि ईशान किशन हाल ही में न्यूजीलैंड के दौरे से लौटे हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज और पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया. खास बात यह रही कि 15 नवंबर को खेले गए पांचवें वनडे मुकाबले में उन्होंने 46 रनों की अहम पारी खेली और टीम इंडिया की जीत में योगदान दिया. इससे पहले 13 नवंबर को भी उन्होंने 27 रन बनाए थे. यानी न्यूजीलैंड दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के बाद ईशान का बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचना उनके प्रशंसकों के लिए भी खास रहा.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top