Last Updated:
बकरीद को लेकर कोडरमा में खास बकरा बाजार सजा है. यहां ‘शाहरुख’ और ‘सलमान’ नाम के बकरे आकर्षण का केंद्र हैं. इनकी कीमत ₹1.20 लाख तक लगाई गई है. इन बकरों का वजन एक क्विंटल से अधिक है. इन्हें सेहतमंद रखने के लिए काजू, किशमिश और बिस्किट जैसे ड्राई फ्रूट्स खिलाए जा रहे हैं.
कोडरमा: बकरीद पर्व को लेकर कोडरमा प्रखंड मैदान इन दिनों खासा गुलजार नजर आ रहा है. यहां लगने वाला विशेष बकरा बाजार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. जिले ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों से भी लोग बकरे देखने और खरीदारी करने पहुंच रहे हैं. बाजार में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे विक्रेता अलग-अलग नस्ल और आकार के बकरे लेकर आए हैं. जिनकी कीमत हजारों से लेकर लाख रुपये से अधिक तक बताई जा रही है.
पौष्टिक चारा के साथ डाइट में दिया जा रहा है ड्राई फ्रूट्स
बकरा विक्रेता मोहम्मद निसार ने बताया कि उनके पास 16 हजार से लेकर एक लाख 20 हज़ार से अधिक कीमत तक के बकरे उपलब्ध हैं. उन्होंने कहा कि इस बार बाजार में राजस्थान, उत्तर प्रदेश और गुजरात से लाए गए बकरे लोगों को खास तौर पर आकर्षित कर रहे हैं. कई बकरों का वजन एक क्विंटल से भी अधिक है. जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है. उन्होंने बताया कि जिन बकरों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है. उन्हें करीब छह महीने पहले राजस्थान से लाया गया था. इन बकरों की खास देखभाल की जा रही है. उन्हें सेहतमंद और आकर्षक बनाए रखने के लिए विशेष डाइट दी जाती है. सुबह के समय बिस्किट, काजू, किशमिश समेत कई तरह के ड्राई फ्रूट्स खिलाए जाते हैं. इसके अलावा पौष्टिक चारा और संतुलित आहार भी दिया जाता है ताकि उनका वजन और स्वास्थ्य बेहतर बना रहे.
तोतापरी नस्ल के बकरों की मांग सबसे ज्यादा
बाजार में मौजूद भारी-भरकम बकरों को विक्रेताओं ने आकर्षक नाम भी दे रखे हैं. एक लाख से अधिक कीमत वाले बकरों को शाहरुख और सलमान नाम से पुकारा जा रहा है. इन बकरों के साथ लोग तस्वीरें लेते नजर आ रहे हैं.
विक्रेताओं के अनुसार इस बार तोतापरी नस्ल के बकरों की मांग सबसे ज्यादा है. इसके अलावा बरबरी, कश्मीरी, राजस्थानी, सिरोही और अजमेरी नस्ल के बकरों की भी अच्छी मांग बनी हुई है. ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार बकरे खरीद रहे हैं. कई खरीदार बकरों की लंबाई, वजन, नस्ल और खान-पान को देखकर सौदेबाजी करते नजर आए.
बकरों की कीमत में इज़ाफ़ा
बकरा खरीदने पहुंचे पिपराडीह निवासी मोहम्मद गुलफान अंसारी ने बताया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर इस बार बकरा बाजार पर भी देखने को मिल रहा है. बाहर से बकरे लाने में परिवहन खर्च बढ़ गया है. जिसके कारण पिछले साल की तुलना में कीमतों में थोड़ी वृद्धि हुई है. इसके बावजूद बाजार में हर बजट के अनुसार बकरे उपलब्ध हैं और लोग अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.