Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Kaziranga Accident News: असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार (13 नवंबर) को भीषण सड़क हादसा हुआ. नेशनल हाईवे-715 पर कोहोरा रेंज के हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजान में एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में महिलाओं और नाबालिगों समेत 26 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में कई कॉलेज छात्र भी शामिल हैं. हादसे में 20 अन्य लोग घायल हुए हैं. उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं कंटेनर ट्रक सड़क से नीचे उतर गया. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने शनिवार को घटनास्थल का दौरा करने की बात कही है. (नोट: कुछ तस्वीरें विचलित कर सकती हैं)
पुलिस के मुताबिक मिनी बस शुक्रवार को गोलाघाट से नगांव की तरफ जा रही थी. उसमें करीब 45 यात्री सवार होने का अनुमान है. इसी दौरान सामने से एक कंटेनर ट्रक अपर असम की ओर बढ़ रहा था. काजीरंगा नेशनल पार्क के पास रंगाजान इलाके में दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई. गोलाघाट के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस स्वप्ननील डेका ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं. बस में कुल कितने लोग सवार थे इसकी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी. (PTI Photo)
हादसे से जुड़ा ट्रक के डैशकैम का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें मिनी बस तेज रफ्तार से ट्रक की ओर आती दिखाई दे रही है. इसी दौरान बस अपनी लेन से बाहर निकलकर ट्रक के अगले हिस्से से टकरा जाती है. एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक बस निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए तेज रफ्तार में चल रही थी. ड्राइवर का नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ. टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की. कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल के वरिष्ठ डॉक्टर दीपम कुमार बर्मन ने बताया कि हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है. घायलों को एंबुलेंस से अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया. (PTI Photo)
प्रशासन ने अब तक 26 मृतकों में से 14 की पहचान की है. इनमें 12 साल के अनुराग ग्वाला और मिनी बस के ड्राइवर अब्दुल मुजीद शामिल हैं. बस के हैंडीमैन सुभाष और यात्री ज्योति माझी की भी मौत हुई है. पहचाने गए अन्य मृतकों में दर्पणा माझी, राशिद अली, हफीजा खातून और फरहाना यासमीन शामिल हैं. इनके अलावा के आर लोभो, अमजद अली, बुलबुल अली, बेबी कर्मकार, दामिनी घटोवार और दीपांजलि रोंगफार की भी मौत की पुष्टि हुई है. (PTI Photo)
Add News18 as
Preferred Source on Google
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए नौ एंबुलेंस लगाई गई थीं. शुरुआत में सभी घायलों को कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल ले जाया गया. वहां से गंभीर रूप से घायल 20 लोगों को बेहतर इलाज के लिए बोकाखाट और गोलाघाट के सिविल हॉस्पिटल के अलावा जोरहाट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर किया गया. पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने राहत कार्यों का जायजा लिया और घायलों के इलाज की जानकारी लेने अस्पताल जाने की बात कही. (PTI Photo)
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने कहा, ‘इस नुकसान के पैमाने ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है और दुख की इस घड़ी में पूरा असम पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है.’ मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्री रनोज पेगू जल्द काजीरंगा पहुंचेंगे. वह खुद शनिवार को घटनास्थल का दौरा करेंगे. मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी मृतकों का पोस्टमार्टम शनिवार दिन में गोलाघाट के शहीद कुशल कोंवर सिविल हॉस्पिटल में कराने का फैसला लिया गया है. असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने भी हादसे पर दुख जताया है. (PTI Photo)
हादसे के बाद मिनी बस की पुरानी ट्रैफिक उल्लंघन रिपोर्ट भी सामने आई है. काजीरंगा नेशनल पार्क के आसपास जंगली जानवरों की सुरक्षा और सड़क हादसों को रोकने के लिए वाहनों की गति सीमा तय है. इसके बावजूद मिनी बस तेज रफ्तार से चल रही थी. गोलाघाट जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के एक अधिकारी के मुताबिक जांच में पता चला कि इस बस पर पहले भी ओवरस्पीडिंग के कई चालान किए जा चुके थे. अधिकारी ने बताया कि गाड़ी नगांव निवासी अंजीर अली के नाम पर रजिस्टर्ड थी. (PTI Photo)
3 मार्च को जोरहाट में 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने के कारण बस पर 4000 रुपये का चालान किया गया था. काजीरंगा इलाके में भी इस वाहन के कई चालान कट चुके थे. इनमें से कुछ जुर्माने अब तक लंबित थे. गोलाघाट जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि बस में निर्धारित क्षमता से ज्यादा यात्री तो नहीं बैठाए गए थे. इसके अलावा स्पीड लिमिट के उल्लंघन और लंबित चालानों के बावजूद बस के सड़क पर चलने को लेकर जिम्मेदारी तय की जाएगी. (AP Photo)