Today Weather Live: भारत में मानसून की चाल ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. कहीं आसमान से पानी बरस रहा है तो कहीं तेज हवाएं पेड़ों को झकझोर रही हैं. मौसम विभाग (IMD) ने 25 जून को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. महाराष्ट्र से लेकर बिहार तक, दिल्ली से लेकर पश्चिम बंगाल तक और पहाड़ी राज्यों से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम का असर साफ दिखाई देने वाला है. कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. किसानों की खड़ी फसलों पर खतरा मंडरा रहा है. बिजली गिरने और वज्रपात की घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. खासकर उन इलाकों में जहां भारी बारिश के साथ आंधी और गरज-चमक का पूर्वानुमान जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार इस समय देश के ऊपर कई सक्रिय वेदर सिस्टम एक साथ काम कर रहे हैं. समुद्र तल पर मौसमी द्रोणिका (बारिश कराने वाली पट्टी) उत्तर राजस्थान से बिहार तक फैली हुई है. इसके अलावा उत्तर बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक और द्रोणिका सक्रिय है. उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है. हरियाणा, उत्तर गुजरात और लक्षद्वीप के आसपास भी अलग-अलग स्तरों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बने हुए हैं. इन सभी वेदर सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से देश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ गई हैं. IMD का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के अधिक हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ सकता है. मुंबई में लगातार भारी बारिश हो रही है. 24 जून को मानसून ने महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में महत्वपूर्ण बढ़त दर्ज की. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून उत्तर भारत की ओर और तेजी से बढ़ेगा. पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में पूरे सप्ताह भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. 27 और 28 जून को कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की जा सकती है. दूसरी ओर मौसम की यह तस्वीर पूरी तरह राहत देने वाली भी नहीं है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के बीच लू जैसी स्थिति भी बनी हुई है. यही वजह है कि मौसम विभाग बार-बार लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है. तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है. कई स्थानों पर पेड़ गिरने और जलभराव की स्थिति भी बन सकती है. दिल्ली-NCR में बारिश और तेज हवाओं की दस्तक दिल्ली और एनसीआर में 25 जून को मौसम करवट लेने वाला है. IMD ने मध्यम से भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की है. राजधानी में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. लंबे समय से गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाओं और जलभराव की आशंका भी बनी रहेगी. उत्तर प्रदेश में मानसून की जोरदार दस्तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 25 और 26 जून को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, झांसी, ललितपुर, कानपुर, रायबरेली, वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहने की संभावना है. पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर लू का असर भी बना रह सकता है. जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट. (PTI) बिहार में बारिश, आंधी और वज्रपात का खतरा बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया, नालंदा, गोपालगंज, सारण, सुपौल, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है. पटना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. झारखंड में गरज-चमक के साथ भारी बारिश रांची, देवघर, धनबाद, बोकारो, जामताड़ा, दुमका और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना है. 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. रांची में तापमान 33 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. पश्चिम बंगाल में बादलों का बड़ा हमला अलीपुरद्वार, कूचबिहार, मालदा, जलपाईगुड़ी, कोलकाता और हावड़ा सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कोलकाता में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है. राजस्थान में आंधी और बारिश का नया दौर पंजाब-हरियाणा में मौसम की बड़ी करवट पंजाब के होशियारपुर, जालंधर, गुरदासपुर, कपूरथला और पटियाला में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. हरियाणा के उत्तरी हिस्सों में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव दिखाई देगा. कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे मौसम की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेंगे. पहाड़ों पर खतरा उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. हालांकि हिमाचल प्रदेश के लिए भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट