Last Updated:
New Expressway : दिल्ली और गुरुग्राम के बीच कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए एनएचएआई ने 50 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने का डीपीआर मांगा है. प्राधिकरण का कहना है कि यह सड़क तैयार होने के बाद गुरुग्राम के कई इलाकों और दिल्ली-एनसीआर के तमाम रास्तों के साथ कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी. यह सड़क रियल एस्टेट और प्रॉपर्टी की डिमांड भी बढ़ाएगा और कीमतों में भी उछाल आएगा.
गुरुग्राम के चारों ओर 50 किलोमीटर की सड़क बनाने की तैयारी है.
नई दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर में रहते हैं तो दिल्ली-गुरुग्राम के रास्ते पर लगने वाला भीषण जाम आपने भी झेला होगा. इसे खत्म करने के लिए कुछ समय पहले द्वारका एक्सप्रेसवे की शुरुआत हुई थी, अब दिल्ली से गुरुग्राम के बीच एक और सड़क बनाई जा रही है. इसके तैयार होने के बाद दोनों शहरों के बीच आवाजाही और आसान हो जाएगी. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 50 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी मांगी है. जल्द ही इस सड़क का निर्माण भी शुरू हो जाएगा.
एनएचएआई ने अर्बन एक्सटेंशन रोड-1 (UER-I) नाम से नया प्रोजेक्ट शुरू किया है. यह सड़क अपर द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम के 75 मीटर रोड से भी लिंक होगी. इस सड़क के तैयार होने के बाद गुरुग्राम से साउथवेस्ट दिल्ली की आवाजाही आसान हो जाएगी. यह प्रोजेक्ट कुल 50 किलोमीटर लंबा होगा. एनएचएआई ने डीपीआर में सड़क की डिजाइन, लागत और प्रोजेक्ट के डॉक्यूमेंट भी मांगे हैं. डीपीआर जारी होने के 6 महीने के भीतर प्रोजेक्ट की सारी जानकारी जुटाने की तैयारी है.
कहां लिंक होगी नई सड़क
एनएचएआई का कहना है कि UER-I दिल्ली के आसपास की सड़कों से लिंक करने के लिए एक महत्वपूर्ण सड़क होगी. यह सड़क चंडीगढ़ हाईवे, रोहतक रोड, UER-2, बहादुरगढ़ और सोनीपत के रास्ते को भी कनेक्ट करेगी. इस सड़क के जरिये कापसहेड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-8 तक भी जा सकेंगे. कुल मिलाकर यह प्रोजेक्ट दिल्ली-हरियाणा के साथ एनसीआर के अन्य इलाकों में जाने का एक और विकल्प पेश करेगा.
गुरुग्राम में भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी
एनएचएआई का मानना है कि इस प्रोजेक्ट के तैयार होने के बाद गुरुग्राम में भी कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी. UER-I को गुरुग्राम की 75 मीटर सड़क से जोड़ा जाएगा और अपर द्वारका एक्सप्रेसवे तक भी यह रास्ता जाएगा. 75 मीटर रोड से जोड़ने के लिए 5 किलोमीटर की लिंक सड़क भी बनाई जाएगी. गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने साल 2023 में 10 किलोमीटर लंबा अपर द्वारका एक्सप्रेसवे बनाया था, जो सेक्टर 99 ओर 115 से निकलकर दिल्ली की किनारे तक जाता है.
कई स्ट्रेच रोड भी बनाने की तैयारी
एनएचएआई ने 50 किलोमीटर के प्रोजेक्ट के साथ और भी कई सड़कें बनाने की तैयारी शुरू की है. सेक्टर 109 से दिल्ली में नजफगढ़ रोड तक 4 किलोमीटर की गैप रोड बनाई जाएगी. इसके अलावा 75 मीटर चौड़ी सड़क से इसे जोड़ने के लिए 2.5 किलोमीटर का एक और मिसिंग लिंक बनाया जाएगा. दिल्ली में एंट्री करने के बाद सड़क थोड़ी संकरी हो जाएगी और बजघेरा एमसीडी टोल बूथ तक जाने के लिए भी 300 मीटर की गैप रोड बनाई जाएगी. इसकी कनेक्टिवटी राघोपुर गांव तक भी होगी और सड़क की लंबाई करीब 1.3 किलोमीटर होगी.
इन इलाकों में महंगी होगी प्रॉपर्टी
गुरुग्राम के चारों ओर सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने के बाद कई इलाकों में प्रॉपर्टी भी महंगी हो जाएगी. इसके जरिये द्वारका एक्सप्रेसवे और वेस्टर्न गुरुग्राम तक आना-जाना और आसान हो जाएगा. इससे गुरुग्राम के सेक्टर 99, 102, 109, 113 और 115 के आसपास की जमीनों और प्रॉपर्टी के दाम भी बढ़ सकते हैं. सेक्टर 109 में फ्लैट की डिमांड भी बढ़ने की संभावना है. बजघेरा और पालम विहार में भी मकानों की डिमांड बढ़ सकती है. खरीदार अब गुरुग्राम के इस इलाके में भी जमीनें खरीदने के लिए आगे आ सकते हैं. इसका मतलब है कि यह सड़क सिर्फ कनेक्टिविटी को ही बेहतर नहीं बनाएगी, बल्कि रियल एस्टेट को भी बढ़ावा मिलेगा.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…