Last Updated:
Parliament Monsoon Session Live Updates: लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना है. विधेयक में कहा गया है कि प्रश्नपत्र लीक करने या परीक्षाओं में अनुचित साध…और पढ़ें

संसद में विपक्ष के हंगामे की वजह से अब तक कोई कामकाज नहीं हो सका है. (पीटीआई)
Parliament Monsoon Session Live Updates: संसद के दोनों सदनों में सोमवार को हंगामे के बाद पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा को स्थगित कर दिया गया. दोनों ही सदनों में विपक्ष ने छात्रों के खिलाफ पैलेट गन चलाए जाने को लेकर सरकार पर हमला बोला. इस दौरान लोकसभा स्पीकर ने विपक्ष से प्रश्नकाल चलाने की मांग की, लेकिन हंगामा होता रहा. इसके बाद सदन को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. ऊपरी सदन में भी विपक्ष की तरफ से कुछ ऐसा ही हंगामा होता रहा.
केंद्र सरकार सोमवार को संसद में ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ पेश करेगी. पेपर लीक और सार्वजनिक परीक्षाओं में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से लाया जा रहा यह विधेयक सरकार के विधायी एजेंडे का हिस्सा है. केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह यह विधेयक सदन में पेश करेंगे. इसका उद्देश्य ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ में संशोधन करना है. सरकार इस संबंध में पहले ही अधिसूचना जारी कर चुकी है.
प्रस्तावित संशोधन के जरिए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता को मजबूत करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा के लिए कानूनी प्रावधानों को और कठोर बनाने का प्रस्ताव है. इसके तहत पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गंभीर अपराधों के लिए 10 वर्ष तक के कारावास, 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने, दोषियों की संपत्ति जब्त करने तथा मामलों के तीन महीने के भीतर निस्तारण का प्रावधान किया गया है.
सरकारी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बीते 24 को प्रस्तावित संशोधन विधेयक और उससे जुड़े प्रावधानों को मंजूरी दी थी. इनमें पेपर लीक और परीक्षा संबंधी धोखाधड़ी के मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक अदालतों की व्यवस्था तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी सजा का प्रावधान शामिल है. प्रस्तावित कानून पर संसद में इसी सप्ताह चर्चा होने की संभावना है.
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस घोषणा के बाद की गई है, जिसमें उन्होंने पेपर लीक के खिलाफ कड़े प्रावधानों वाला व्यापक विधेयक संसद में लाने की बात कही थी. प्रस्ताव के अनुसार, फास्ट-ट्रैक अदालतों को ऐसे मामलों की सुनवाई पूरी कर तीन महीने के भीतर फैसला सुनाना होगा, ताकि परीक्षा संबंधी अपराधों में शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जा सके.
Parliament Monsoon Session Live Updates:
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पेश, लेकिन विपक्ष का नहीं थमा हंगामा
सरकार ने प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ सख्त प्रावधान वाले लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 को लोकसभा में पेश कर दिया. केंद्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने विधेयक को सदन में पेश किया, लेकिन इस दौरान विपक्ष ने हंगामा जारी रखा. स्पीकर ओम बिरला ने विपक्षी सांसदों ने शांति बनाए रखने और सदन की कार्यवाही को चलने देने का आग्रह किया. हालांकि, विपक्ष छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर हंगामा करते रहे, जिसके बाद लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: लोकसभा की बैठक 12 बजे तक स्थगित, बिरला ने विपक्षी सदस्यों को दी चेतावनी
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में गत सप्ताह दिल्ली में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग करते हुए सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने हंगामा किया जिसके कारण सदन की कार्यवाही शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई और आज भी प्रश्नकाल नहीं चल सका. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आसन के समीप हंगामा कर रहे कुछ विपक्षी सदस्यों को कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी जो सदन की मर्यादाओं और परंपराओं को समाप्त करने का प्रयास कर रहे हैं.
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर हंगामा, राज्यसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित
नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई. हंगामे के कारण सदन में आज भी शून्यकाल नहीं हो पाया. उच्च सदन की बैठक शुरू होने के बाद सभापति सी पी राधाकृष्णन ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए. इसके बाद उन्होंने सदस्यों से शून्यकाल के तहत लोक महत्व के मुद्दे उठाने के लिए कहा.
इसी बीच विपक्षी सदस्यों ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर पिछले सप्ताह दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा उठाया. सभापति से बात रखने की अनुमति मिलने पर विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उन्होंने नियम 267 के तहत एक नोटिस दिया है. सभापति ने कहा कि वह नियम 267 के बारे में व्यवस्था दे चुके हैं. उन्होंने कहा कि इस नियम के तहत अत्यंत दुर्लभ मामला ही उठाया जा सकता है. खरगे ने कहा कि वह जो मुद्दा उठाने जा रहे हैं वह अत्यंत दुर्लभ ही है. उन्होंने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा उठाना चाहा. सभापति ने उन्हें अनुमति नहीं दी. इस पर विरोध जताते हुए विपक्षी सदस्य हंगामा करने लगे.
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: दल-बदल विरोधी कानून पर लोकसभा में बहस हो, मनीष तिवारी ने दिया स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोमवार को लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर नए दल-बदल विरोधी कानून की आवश्यकता पर चर्चा कराने की मांग की. उनका कहना है कि अवसरवाद से प्रेरित बड़े पैमाने पर राजनीतिक दल-बदल पर रोक लगाने के साथ-साथ वास्तविक वैचारिक असहमति की भी रक्षा की जानी चाहिए. संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा महासचिव को सौंपे गए एक नोटिस में तिवारी ने सदन से इस मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए निर्धारित कार्यवाही स्थगित करने का आग्रह किया. लोकसभा के महासचिव को सौंपे गए नोटिस में मनीष तिवारी ने कहा, “मैं सदन की कार्यवाही स्थगित करने के लिए एक प्रस्ताव पेश करने की अनुमति का अनुरोध करता हूं, ताकि एक अत्यावश्यक मुद्दे पर चर्चा की जा सके.”
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्षी सांसदों ने दिया संसद में स्थगन प्रस्ताव नोटिस
कई विपक्षी सांसदों ने सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस देकर 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा कथित तौर पर किए गए बल प्रयोग पर तत्काल चर्चा की मांग की. यह नोटिस 20 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित बड़े पैमाने पर ‘संसद चलो’ प्रदर्शन के बाद दिए गए हैं. यह प्रदर्शन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा नीट पेपर लीक और अन्य परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया गया था, जिसमें सैकड़ों छात्रों ने हिस्सा लिया था.
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल, मणिकम टैगोर, हिबी ईडन और विजयकुमार उर्फ विजय वसंत ने लोकसभा में अलग-अलग स्थगन प्रस्ताव नोटिस देकर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग पर चर्चा की मांग की. नोटिस में आरोप लगाया गया है कि सुरक्षा बलों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पेलेट गन और शॉक बैटन सहित अत्यधिक और घातक बल का इस्तेमाल किया, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए और कुछ के दृष्टि खोने की आशंका भी जताई गई है.
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: विपक्ष की बैठक में शामिल होने पहुंचे राहुल गांधी
संसद के मानसून सत्र के बीच विपक्षी दलों की अहम बैठक शुरू हो गई है. बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता मौजूद हैं. बैठक में सौगात रॉय, महुआ मांझी, रामजी लाल सुमन, पी. संदोश, सागरिका घोष और राजा राम भी शामिल हुए हैं. बैठक में संसद के भीतर सरकार को घेरने की रणनीति और विपक्षी एकजुटता को लेकर चर्चा होने की संभावना है. इसके अलावा मौजूदा राजनीतिक मुद्दों और आगामी सदन की कार्यवाही को लेकर भी विपक्ष आगे की रणनीति तय कर सकता है.
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: किरेन रिजिजू ने स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की
लोकसभा सेशन शुरू होने से पहले संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की. साथ में केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और मुरुगन भी मौजूद हैं. आज लोकसभा में दो अहम बिल पेपर लीक रोकथाम संबंधित बिल और सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने संबंधित बिल पेश होंगे.
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: सायोनी घोष सहित NDA के पांच सांसद बिल पर रखेंगे अपनी बात
लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर लोकसभा में सरकार की तरफ से एनडीए के पांच सांसद अपनी बात रखेंगे. जिन सांसदों के नाम प्रमुख वक्ता के तौर पर शामिल किए गए हैं, उनमें अपना दल की अनुप्रिया पटेल, शिवसेना के श्रीकांत शिंदे, एलजेपी के अरुण भारती, एनसीपीसीआई की सायोनी घोष और टीडीपी के कृष्णा देवरायुलू हैं.
संसद मानसून सत्र लाइव अपडेट्स: परीक्षा संशोधन विधेयक पर चर्चा के लिए किरेन रिजिजू ने सांसदों से की अपील
पेपर लीक के खिलाफ सरकार सोमवार को सदन में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पेश करने वाली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही इसका ऐलान किया था. अब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी सांसदों से इसमें शामिल होने की अपील की है. सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में किरेन रिजिजू ने कहा कि युवा पीढ़ी की बात सुनने और छात्रों के भविष्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों के बाद मैं सभी सांसदों से अपील करता हूं कि वे कल “सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक” पर चर्चा में भाग लें.