Aaj Ka Mausam Live: भीषण गर्मी और लू से थपेड़ों से जूझ रहे उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश राहत बनकर आई हैं. इस राहत की बारिश ने तापमान में 4-5 डिग्री की गिरावट ला दी है. इस बीच मौसम विभाग की तरफ से दो-दो गुड न्यूज मिली है. एक ओर दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से देश के कई हिस्सों में आज भी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहेंगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत तक अनेक राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
उधर दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ते हुए अरब सागर, लक्षद्वीप, बंगाल की खाड़ी के बड़े हिस्सों और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4-5 दिनों के दौरान मानसून केरल, तमिलनाडु और आसपास के अन्य क्षेत्रों में और आगे बढ़ सकता है. मानसून की इस सक्रियता का असर दक्षिण भारत के कई राज्यों में दिखाई देगा, जहां भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर
केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में 31 मई को बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. केरल और माहे में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी कई इलाकों में तेज बारिश के आसार हैं.
दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत तक अनेक राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है.
आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में गरज-चमक के साथ बारिश के अलावा 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इन राज्यों में लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाओं से सावधान रहने की सलाह दी गई है.
पूर्वोत्तर भारत में मेघों की मेहरबानी
पूर्वोत्तर भारत में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है. असम और मेघालय में भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है.
अरुणाचल प्रदेश में भी बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और कई इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है. लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.
पूर्वी भारत में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का असर
ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मौसम सक्रिय रहेगा. ओडिशा में भारी बारिश के साथ तेज आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है. कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
झारखंड और बिहार में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
झारखंड और बिहार में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. समुद्री क्षेत्रों में मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों में समुद्र उग्र बना रहेगा.
दिल्ली में कूल-कूल रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम सुहावना रहने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम भारत पर बने मौसम तंत्रों के प्रभाव से दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि अगले दो दिनों के बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने के संकेत हैं, जिससे सप्ताह के मध्य तक गर्मी फिर बढ़ सकती है.
उत्तर प्रदेश में बदला-बदला मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में 31 मई को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की जा सकती है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को मौसम की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है.
उत्तराखंड में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना
उत्तराखंड में आज मौसम काफी सक्रिय रहेगा. राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है. मौसम विभाग ने ओलावृष्टि की आशंका भी जताई है.
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. चारधाम यात्रा मार्गों पर भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.
बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश
बिहार में आज कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में बादलों की सक्रियता अधिक रह सकती है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
बारिश के कारण दिन के तापमान में कमी आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
झारखंड में आज आंधी-बारिश
झारखंड में भी 31 मई को मौसम सक्रिय रहेगा. राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं.
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.
पश्चिम और मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम
गुजरात, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण-गोवा और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा. गुजरात में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है. मध्य प्रदेश और विदर्भ में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4-5 दिनों के दौरान मानसून केरल, तमिलनाडु और आसपास के अन्य क्षेत्रों में और आगे बढ़ सकता है.
हालांकि विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के कुछ इलाकों में अभी भी हीट वेव जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं. वहीं कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान कर सकता है.
कुल मिलाकर 31 मई को देश का मौसम काफी गतिशील रहेगा. मानसून की प्रगति, पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरणों के संयुक्त प्रभाव से देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. कई राज्यों में भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं को देखते हुए लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है.
मौमस पूर्वानुमान की खास बातें…
मानसून को लेकर क्या अपडेट?
दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और अगले 4-5 दिनों में केरल, तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के और हिस्सों में पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
किन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है?
केरल, माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की चेतावनी है.
कहां बहुत भारी बारिश होने की संभावना है?
केरल और माहे में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
किन राज्यों में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलेंगी?
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
सबसे तेज हवाएं कहां चल सकती हैं?
राजस्थान में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकते हैं.
किन राज्यों में ओलावृष्टि का खतरा है?
राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और विदर्भ में ओलावृष्टि की संभावना है.
मछुआरों के लिए क्या चेतावनी है?
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं. इसलिए मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है.