Last Updated:
Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ पर हमला करने वाले लॉरेंस बिश्नोई के तीनों आरोपी शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया गया है. एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला कर तीनों आरोपी नेपाल भागने की फिराक में थे, नाबालिग शूटर को भूख लग गई और फिर भूजिया खाने की चाहत में तीनों पुलिस के हत्थे चढ़ गए.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीनों शूटर्स को गिरफ्तार करने की इनसाइड स्टोरी सामने आई है. (फोटो: ANI)
एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में पुलिस की जांच में कई अहम खुलासे सामने आए हैं. पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, कथित मास्टरमाइंड अनिल पंडित ने रिहान को टाइगर श्रॉफ की हत्या की सुपारी दी थी. उसने रिहान को विदेश भेजने का भरोसा भी दिया था. अनिल पंडित कैलिफोर्निया से लाइव जुड़कर आरोपियों को निर्देश दे रहा था. उसने वारदात के लिए हथियार उपलब्ध कराए और कथित तौर पर 2.50 लाख रुपये एडवांस में दिए थे. जांच के अनुसार, आरोपियों में ऋतिक को टाइगर श्रॉफ की लोकेशन की रेकी करने का जिम्मा सौंपा गया था. आरोपी करीब एक महीने से मुंबई के एक होटल में रह रहे थे. अनिल पंडित उन्हें खर्च के लिए रोजाना 5 से 10 हजार रुपये ऑनलाइन भेजता था. आरोपी अलग-अलग दुकानदारों को ऑनलाइन भुगतान कर उनसे नकद रुपये लेते थे. अनिल पंडित कथित तौर पर जंगी एप के जरिए आरोपियों के संपर्क में था और वारदात के दौरान भी इसी एप से निर्देश दे रहा था.
आगे का क्या था प्लान
वारदात के बाद आरोपियों को जल्द दिल्ली पहुंचने और वहां से नेपाल भेजे जाने की योजना थी. पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान रिहान और नाबालिग आरोपी के बाल लंबे थे. पहचान छिपाने के लिए तीनों ने ट्रेन में बाल कटवाए और कपड़े बदले. वे ट्रेन के अलग-अलग कोच में नहीं, बल्कि एक ही कोच में अलग-अलग सीटों पर बैठे थे. कोटा पहुंचने तक दो आरोपी ऊपर की सीट पर सो रहे थे. कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान नाबालिग आरोपी खिड़की से एक वेंडर से भुजिया खरीद रहा था. वहां सादे कपड़ों में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने मुंबई पुलिस से मिली तस्वीरों के आधार पर उसे पहचान लिया. जवान कोच में पहुंचे और उसके पास की सीट पर बैठ गए. पूछताछ में जब उन्होंने मुंबई से तीन लोगों के साथ ट्रेन में सवार होने की बात कही, तो नाबालिग घबरा गया और उसने बताया कि उसके दोनों साथी सो रहे हैं.
और फिर तीनों गिरफ्तार
आरपीएफ के जवानों द्वारा पूछताछ करने पर नाबालिग आरोपी ने अपने दोनों साथियों को जगाया. उनके उठते ही आरपीएफ जवानों ने उन्हें पकड़ लिया. जवानों ने आरोपियों से कहा कि वे मुंबई में पिछली रात हुई वारदात के बाद फरार हुए संदिग्धों से मेल खाते हैं. इस तरह कोटा पुलिस और आरपीएफ की कार्रवाई से आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…