![]()
भास्कर न्यूज|भरनो/गुमला भरनो प्रखंड मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर नव प्राथमिक विद्यालय, नगड़ी में सोमवार को मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) व्यवस्था ठप हो गई। स्कूल में एमडीएम का चावल खत्म होने के कारण भोजन नहीं बन सका। सोमवार को अंडा वितरण का दिन होने के बावजूद बच्चों को अंडा भी नहीं मिला। छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्हें पहले ही सूचित कर दिया गया था कि चावल समाप्त हो गया है, इसलिए उस दिन मध्यान्ह भोजन नहीं मिलेगा। बच्चों से घर से टिफिन लाने को कहा गया। जिनके पास टिफिन नहीं था, उनमें से कई बच्चे दोपहर में खाना खाने घर लौट गए। कुछ बच्चे बिना भोजन के ही स्कूल में रहे। जानकारी के अनुसार प्रभारी प्रधानाध्यापिका रीता बाखला स्कूल खुलने के बाद एमडीएम के लिए चावल लाने भरनो गईं। उनके स्कूल से बाहर रहने के दौरान भोजन की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इससे बच्चों को खाली पेट पढ़ाई करनी पड़ी। ग्रामीणों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया। उनका कहना है कि मध्यान्ह भोजन योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन देना और स्कूल में नियमित उपस्थिति बढ़ाना है। ऐसे में चावल खत्म होने पर भी भोजन न बनना और विकल्प न जुटाना योजना के उद्देश्य के खिलाफ है। मामले की सूचना दूरभाष के माध्यम से बीआरसी के बीपीओ को दी गई।
Source link