भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

झारखंड

झारखंड

अमन अंसारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों से सुलझाई...

देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में हुए अमन अंसारी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद ने शनिवार को बताया कि अमन अंसारी हत्याकांड में 19 वर्षीय मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया गया। हत्या के पीछे की वजह में दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद था। बीते बुधवार को मधुपुर थाना क्षेत्र के आमतला भेरवा स्थित सिंघानिया राइस मिल के पास खेत की झाड़ियों से एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के माथे पर किसी भोथरे हथियार से हमले के निशान थे और चेहरा खून से सना हुआ था। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल देवघर भेजा। उसी दिन शाम को शव की पहचान बेलपाड़ा निवासी मोहम्मद अलाउद्दीन अंसारी के पुत्र अमन अंसारी के रूप में हुई। इसके बाद मृतक के पिता के लिखित आवेदन पर मधुपुर थाना में कांड संख्या 96/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच की। जांच के दौरान नबी बक्स रोड कब्रिस्तान के पीछे रहने वाले 19 वर्षीय मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या में एक अन्य युवक भी शामिल था, जो अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी संतोष कुमार गुप्ता, एसआई धर्मवीर भगत, सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। Source link

झारखंड

सियार ने तीन माह के मासूम को मार डाला:पाकुड़ में देर रात...

पाकुड़ जिले के लखीनारायणपुर गांव में एक सियार ने तीन माह के बच्ची को मार डाला। यह घटना शनिवार सुबह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तारानगर पंचायत में हुई। सियार के इस हमले में एक तीन वर्षीय बच्ची भी घायल हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है। रामचंद्रपुर निवासी मुसफेरा बीबी (पति समरुल शेख) अपने बच्चों के साथ मायके लखीनारायणपुर आई हुई थीं। शुक्रवार को बच्ची सो रही थी, तभी एक सियार घर में घुस आया। उसने तीन माह के मासूम बच्चे को उठाकर अपना शिकार बना लिया। जानवर ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सियार ने घर में मौजूद दूसरी बच्ची को भी निशाना बनाने की कोशिश की। करीब तीन वर्षीय बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन जाग गए। उनके शोर मचाने पर सियार वहां से भाग निकला, जिससे दूसरे बच्चे की जान बच गई। घायल बच्ची को तत्काल पाकुड़ सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण रात होते ही अपने बच्चों को लेकर सहमे हुए हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि जंगली जानवर दोबारा गांव में प्रवेश कर किसी अन्य बच्चे को निशाना बना सकता है। उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा जंगली जानवर को पकड़ने की मांग की है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव के निकट एक कब्रिस्तान के पास लगभग 300 से 400 सियार मौजूद है और रात्रि में यह सभी गांव में घूमते रहते हैं। कुछ माह पूर्व एक बकरी को भी सियार ने अपना शिकार बना लिया था। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने मृत बच्चे के अवशेष पुलिस को दिखाए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। Source link

झारखंड

मलमास में पड़ेगा वट सावित्री व्रत? नवविवाहित महिलाओं के लिए ज्योतिषाचार्य ने...

Last Updated:May 09, 2026, 20:29 IST उन्होंने यह भी बताया कि वट सावित्री व्रत केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि पति-पत्नी के अटूट रिश्ते, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है. महिलाएं पूरे विश्वास और श्रद्धा के साथ यह व्रत करती हैं और भगवान से अपने पति के सुखी एवं लंबी आयु वाले जीवन की कामना करती हैं. ऐसे में अगर आप भी नवविवाहित हैं और मलेमास को लेकर असमंजस में हैं, तो…. ख़बरें फटाफट परमजीत/देवघर: साल भर में कई ऐसे पर्व और व्रत आते हैं, जिन्हें सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य के लिए पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ करती हैं. इन्हीं खास व्रतों में से एक है वट सावित्री व्रत. यह व्रत हिंदू धर्म में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. खासकर नवविवाहित महिलाओं के लिए इसका महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है, क्योंकि शादी के बाद पहली बार महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं. वट सावित्री व्रत में महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखती हैं. अगले दिन सुबह स्नान-ध्यान के बाद वट यानी बरगद के पेड़ के नीचे पूजा-अर्चना करती हैं. महिलाएं वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा सूत या कलावा बांधती हैं और सावित्री-सत्यवान की कथा सुनती हैं. मान्यता है कि माता सावित्री अपने तप, भक्ति और दृढ़ संकल्प से अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस ला पाई थी. तभी से यह व्रत पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य के प्रतीक के रूप में किया जाता है. मलमास के कारण इस बार है असमंजस की स्थितिइस बार वट सावित्री व्रत को लेकर महिलाओं के बीच थोड़ी असमंजस की स्थिति बनी हुई है. इसकी सबसे बड़ी वजह है मलेमास. दरअसल इस साल मलमास लगने जा रहा है और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मलमास में कोई भी नया या शुभ कार्य शुरू करना उचित नहीं माना जाता है. ऐसे में कई नवविवाहित महिलाओं के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या मलमास में वट सावित्री व्रत करना सही रहेगा या फिर इसे छोड़ देना चाहिए. क्या कहते हैं ज्योतिषाचार्यदेवघर के ज्योतिषाचार्य पंडित नंद किशोर मुदगल ने लोकल 18 के संवाददाता से बातचीत करते हुए कहा कि शास्त्रों के अनुसार नवविवाहित महिलाओं को वट सावित्री व्रत बिल्कुल नहीं छोड़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस वर्ष मलमास की शुरुआत 16 मई की रात से हो रही है, जबकि वट सावित्री पूजा दिन में ही पूरी हो जाएगी. इसलिए इसका प्रभाव इस व्रत पर नहीं पड़ेगा. पंडित नंद किशोर मुदगल के अनुसार, जब मलमास शुरू होने से पहले विवाह जैसे मांगलिक कार्य संपन्न किए जा सकते हैं, तो वट सावित्री व्रत और पूजा भी पूरी श्रद्धा के साथ की जा सकती है. उन्होंने कहा कि यह व्रत नवविवाहित महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, इसलिए इसे भूलकर भी नहीं छोड़ना चाहिए. पूरे श्रद्धा के साथ करना चाहिए वटसावित्री व्रत और पूजाउन्होंने यह भी बताया कि वट सावित्री व्रत केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि पति-पत्नी के अटूट रिश्ते, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है. महिलाएं पूरे विश्वास और श्रद्धा के साथ यह व्रत करती हैं और भगवान से अपने पति के सुखी एवं लंबी आयु वाले जीवन की कामना करती हैं. ऐसे में अगर आप भी नवविवाहित हैं और मलमास को लेकर असमंजस में हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. शास्त्रों और ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस वर्ष वट सावित्री व्रत पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किया जा सकता है. About the Author Rajneesh Singh जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…और पढ़ें News18 न्यूजलेटर अब ईमेल पर इनसाइड स्‍टोर‍ीज खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्‍स में सबमिट करें Location : Deoghar,Jharkhand Source link

झारखंड

UPSC IFS में साहिबगंज के अमन आयुष्कर को 27वां रैंक:2024 में इंजीनियरिंग...

साहिबगंज जिले के ओझा टोली निवासी अमन आयुष्कर ने भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा में पूरे देश में 27वां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। अमन की सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अमन ने वर्ष 2009 में संत जेवियर स्कूल से दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने बीपीएस पूर्णिया से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। आगे की शिक्षा के लिए उन्होंने जाधवपुर विश्वविद्यालय से बीटेक तथा आईआईटी दिल्ली से एमटेक की डिग्री हासिल की। अमन ने वर्ष 2018 में IES परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने रक्षा मंत्रालय के अधीन आने वाले बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन में बतौर इंजीनियर कार्य शुरू किया। नौकरी के दौरान कैलाश मानसरोवर सड़क निर्माण परियोजना में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें विशेष मेडल से भी सम्मानित किया गया था। साहिबगंज के डीएफओ ने किया मार्गदर्शन हालांकि, वर्ष 2024 में उन्होंने नौकरी छोड़कर भारतीय वन सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। खास बात यह रही कि उन्होंने साहिबगंज में रहकर ही परीक्षा की तैयारी की। तैयारी के दौरान साहिबगंज के डीएफओ प्रबल गर्ग लगातार उनका मार्गदर्शन करते रहे। परिणाम घोषित होने के बाद अमन के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। अमन के पिता ओम प्रकाश तिवारी पुरानी साहिबगंज में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं। किसान परिवार से आने वाले ओम प्रकाश तिवारी ने शुरू से ही अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया। उनकी माता सुधा तिवारी गृहिणी हैं। मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के मुजवर टाल गांव निवासी ओम प्रकाश तिवारी बाद में साहिबगंज में बस गए। अमन का जन्म और पालन-पोषण साहिबगंज में ही हुआ। उनकी बड़ी बहन कोमल इतिहास विषय में मास्टर डिग्री कर रही हैं, जबकि छोटी बहन आस्था लंदन के कैंब्रिज विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही हैं। Source link

झारखंड

हाथी के हमले में महिला की मौत:गिरिडीह के बंगरा कला गांव में...

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत बंगरा कला गांव में शनिवार को हाथियों के झुंड ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय उर्मिला देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पांच हाथियों का एक झुंड अचानक गांव में घुस आया। हाथियों को देखते ही ग्रामीणों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान एक हाथी ने उर्मिला देवी को अपनी चपेट में ले लिया और पैर से कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस, वन विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से खदेड़कर जंगल की ओर भगाया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड इलाके में घूम रहा था। इस संबंध में वन विभाग को कई बार सूचित किया गया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सरकार और वन विभाग से उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सहायता प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच कर रही है। Source link

झारखंड

कमर्शियल सिलिंडर महंगा, मिठाइयों के दाम 20% तक बढ़े:उत्पादन लागत बढ़ने से...

शहर के मिठाई व्यवसायियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर और पीएनजी की कीमतों में वृद्धि के बाद मिठाइयों के दाम 15 से 20% तक बढ़ाने का फैसला किया है। बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मिठाइयों की नई दरें शुक्रवार, 08 मई 2026 से लागू हो गई हैं। मिठाई व्यवसायी राजू मोदी ने बताया कि लगातार बढ़ती उत्पादन लागत के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा है। व्यवसायियों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दाम में डेढ़ गुना तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही दूध, खोवा, घी, चीनी, ड्राई फ्रूट्स, बिजली, पैकेजिंग सामग्री और मजदूरी जैसी अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार वृद्धि हुई है। पुराने मूल्य पर व्यवसाय चलाना मुश्किल व्यवसायियों का कहना है कि अब तक ग्राहकों को पुराने दामों पर मिठाइयां उपलब्ध कराई जा रही थीं। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों में उसी मूल्य पर व्यवसाय चलाना मुश्किल हो गया था, जिसके कारण विभिन्न मिठाइयों की कीमतों में 15 से 20% तक की वृद्धि की गई है। राजू मोदी ने बताया कि कुछ महीने पहले 19 किलोग्राम का कमर्शियल सिलिंडर 1700 रुपए में मिलता था, जो अब 3400 रुपए का हो गया है। इसी तरह, पीएनजी की कीमत भी 1500 रुपए प्रति यूनिट से बढ़कर 2900 रुपए प्रति यूनिट हो गई है। बढ़ी हुई कीमतों से ग्राहकों को कुछ असुविधा हुई है, लेकिन व्यवसायी मानते हैं कि ग्राहक भी सिलिंडर और अन्य सामग्रियों की बढ़ी हुई कीमतों से अवगत हैं। Source link

झारखंड

लातेहार में वज्रपात से युवक की मौत:बारिश से बचने के लिए पेड़...

लातेहार जिले के हेरहंज मुख्यालय स्थित भंडार चौक के पास शनिवार की शाम हुई बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। बारिश से बचने के लिए कुछ युवक एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से दयानंद कुमार साहू (26), पिता गणेश साहू की घटनास्थल पर ही गंभीर स्थिति हो गई। वहीं, बबलू यादव पिता राजदेव यादव और संदीप कुमार साहू पिता ललित साहू, संदीप कुमार उर्फ डबला पिता जगमोहन साव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन की मदद से थाना में मौजूद एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दयानंद कुमार साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि, गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। Source link

झारखंड

पाकुड़ पुलिस ने चोरी का खुलासा किया, एक गिरफ्तार:रामघाटी में हुई चोरी...

पाकुड़ पुलिस ने पाकुड़िया थाना क्षेत्र के रामघाटी में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। इस मामले में एक आरोपी को देसी कट्टा, गोली और चोरी में इस्तेमाल किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया गया है। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि यह चोरी 1 मई को रामघाटी निवासी मनोज भगत के घर में हुई थी। इस संबंध में पाकुड़िया थाने में कांड संख्या 28/26 दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। छापेमारी टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ अपराधी एक थार गाड़ी से थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ा खक्सा के पास पुलिस ने थार गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसमें सवार चार लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त, एक हाइड्रोलिक कटर सहित चोरी में प्रयुक्त कई अन्य सामान भी मिले हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मुरारई थाना अंतर्गत ढोड़िया गांव निवासी मिहिर ठाकुर के रूप में हुई है। मिहिर ठाकुर पर पश्चिम बंगाल और झारखंड में कुल 22 मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि थार गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। पूछताछ में मिहिर ठाकुर ने मनोज भगत के घर हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसकी निशानदेही पर 51,000 रुपए नकद और चोरी के तीन चांदी के सिक्के भी बरामद किए गए हैं। एसपी ने यह भी बताया कि चोरी में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि मनोज भगत के घर से लगभग ढाई लाख रुपए नकद और सोने के गहनों की चोरी हुई थी। Source link

झारखंड

पलामू में दोस्त ने गांजा पिलाकर की हत्या:जमीन की मापी रुकवाने के...

पलामू पुलिस ने 29 अप्रैल को हुए राजमनी पाठक हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक के दोस्त बीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जमीन विवाद के चलते अपने दोस्त की हत्या की थी। पुलिस के अनुसार, हत्या से पहले राजमनी और गुड्डू ने साथ में गांजा पिया था। इसके बाद गुड्डू ने कुल्हाड़ी से वार कर राजमनी की हत्या कर दी। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टांगी) आरोपी की निशानदेही पर बरामद कर ली गई है। एसपी कपिल चौधरी ने शनिवार को बताया कि राजमनी पाठक का गांव के एक व्यक्ति से जमीन का विवाद चल रहा था। हत्या से एक दिन पहले राजमनी ने जमीन की मापी के लिए अमीन बुलाई थी। आरोपी गुड्डू सिंह का एक प्लॉट पर वर्षों से अवैध कब्जा था और वह उस पर खेती भी करता था। अवैध कब्जे का राज खुलने के डर से कर दी हत्या गुड्डू को आशंका थी कि अमीन द्वारा जमीन की मापी से उसके अवैध कब्जे का राज खुल जाएगा। इसी डर से उसने राजमनी की हत्या की योजना बनाई। उसने राजमनी को घर से गांजा पीने के बहाने बुलाया था। मृतक की पत्नी के आवेदन पर पिपराटांड थाना में कुछ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ मनोज झा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। पुलिस ने गुड्डू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की पूरी कहानी का खुलासा किया। Source link

झारखंड

अपराधियों के लिए आफत QR Code, पुलिस ने बताया ‘रक्षक ऐप’ का...

Last Updated:May 09, 2026, 14:31 IST अपराध और चोरी जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पलामू पुलिस अब हाईटेक तकनीक का सहारा ले रही है. बड़े शहरों की तर्ज पर पलामू जिले में भी क्यूआर कोड आधारित पुलिसिंग की शुरुआत की गई है.. जिले के संवेदनशील इलाकों में 650 क्यूआर कोड लगाए गए हैं. इनके माध्यम से पुलिस गश्ती व्यवस्था की निगरानी करेगी.  पलामू: अपराध और चोरी जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पलामू पुलिस अब हाईटेक तकनीक का सहारा ले रही है. बड़े शहरों की तर्ज पर पलामू जिले में भी क्यूआर कोड आधारित पुलिसिंग की शुरुआत की गई है. जिले के संवेदनशील इलाकों में 650 क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से पुलिस गश्ती व्यवस्था की निगरानी करेगी. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है. पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने लोकल18 को बताया कि जिले में अपराध की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है. इनमें चोरी, लूट और डकैती की आशंका वाले इलाके शामिल हैं. सबसे अधिक क्यूआर कोड मेदिनीनगर क्षेत्र में लगाए गए हैं, जहां करीब 110 स्थानों को चिह्नित किया गया है. इसके अलावा शहर और ग्रामीण इलाकों के लिए अलग-अलग पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि हर क्षेत्र में नियमित गश्ती सुनिश्चित हो सके. अएज कहा कि झारखंड पुलिस द्वारा ‘रक्षक ऐप’ लॉन्च किया गया है. इसी के तहत विभिन्न स्थानों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं. पुलिस अधिकारी और जवान गश्त के दौरान इन क्यूआर कोड को स्कैन करेंगे, जिससे यह रिकॉर्ड होगा कि संबंधित क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी रही है. इससे गश्ती व्यवस्था की वास्तविक मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी. उन्होंने बताया कि दिन और रात दोनों समय पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजकर स्कैनिंग कराई जा रही है. इन सभी क्यूआर कोड की निगरानी सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय से की जा रही है. इतना ही नहीं, वरीय पदाधिकारी भी किसी क्षेत्र में जाकर क्यूआर कोड स्कैन कर सकते हैं, जिससे उनके भ्रमण और निगरानी की जानकारी भी रिकॉर्ड में दर्ज होगी. पुलिस का मानना है कि इस नई व्यवस्था से अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनेगा. लगातार गश्त और डिजिटल मॉनिटरिंग से चोरी, लूट और डकैती जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. साथ ही यह भी सुनिश्चित होगा कि पुलिस बल तय क्षेत्रों में नियमित रूप से पहुंच रहा है या नहीं. पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा कि अगर किसी इलाके के लोगों को लगता है कि वहां गश्त की जरूरत है तो वे निकटतम थाने को सूचना दें. पुलिस द्वारा उस क्षेत्र को भी चिन्हित कर वहां क्यूआर कोड लगाया जाएगा. About the Author Amita kishor न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें News18 न्यूजलेटर अब ईमेल पर इनसाइड स्‍टोर‍ीज खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्‍स में सबमिट करें Location : Palamu,Jharkhand Source link

Scroll to Top