![]()
गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र के अटका स्थित लच्छीबागी के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान लच्छीबागी निवासी ईश्वर मेहता और उनकी पत्नी इंद्री देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की तत्परता से दोनों घायलों को तुरंत बगोदर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखें…. टक्कर इतनी तेज कि दूर जा गिरे दोनों प्राप्त जानकारी के अनुसार, दंपती अपनी बाइक से जीटी रोड पार कर रहे थे। इसी दौरान बगोदर की ओर से धनबाद जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक मौके पर ही रुक गया, जबकि आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए जीटी रोड पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही सड़क पर लगे जाम को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार दोनों को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पार करते समय हुई चूक को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, वहीं चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
Source link